Monday, October 19th, 2026

बच्चे के वजन को लेकर न हों परेशान, घर पर बनाएं ये हेल्‍दी रेसिपी


आपके छह माह के बच्चे का वजन नहीं बढ़ता है। वह बहुत पतला और कमजोर है। कमजोरी के कारण बहुत जल्दी थक जाता है। कोई भी मां अपने बच्चे को इस तरह नहीं देखना चाहती है। ऐसी स्थिति से अपने बच्चे को बचाने के लिए हर मां तरह-तरह के उपाय अपनाती है और न जाने उसे क्या-क्या खिलाती है।
इसके बावजूद बच्चे के स्वास्थ्य पर कोई खास फर्क नजर नहीं आता है। आज हम आपके लिए कुछ खास रेसिपीज लेकर आए हैं। इन्हें बनाकर अपने बच्चे को खिलाएं। इससे न सिर्फ बच्चे का वजन बढ़ेगा बल्कि कमजोरी उसे छू भी नहीं पाएगी।

​कैरेट राइस
बच्‍चे के लिए आप घर पर कैरेट राइस बना सकती हैं। इसके लिए आपको चाहिए एक मुट्ठी चावल, मध्‍यम आकार की गाजर का आधा टुकड़ा, एक चम्मच नमक, एक चम्मच देसी घी और ढाई कटोरी पानी।

कैरेट राइस बनाने की विधि

    चावल को धोकर कुछ देर के लिए भिगोकर रखें।
    एक कूकर लें। कूकर में चावल, कटे गाजर और ढाई कटोरी पानी डालें।
    आप जरूरत अनुसार पानी डाल सकती हैं। इसमें नमक और देसी घी मिलाएं।
    दो से तीन सीटी आने तक इसे कूकर में पकाएं। भाप अपने आप खत्म होने दें। थोड़ी देर ठंडा होने पर इसे ब्लेंडर में पीस लें।
    गाजर वाले राइस तरल पदार्थ के रूप में आपके छह माह के बच्चे के लिए तैयार है।

​दाल की खिचड़ी
इस खिचड़ी को बनाने के लिए आपको एक मुट्ठी चावल, एक मुट्ठी मूंग छिलका दाल, ढाई कप पानी, थोड़ा सा नमक, चुटकी भर हल्दी, एक चम्मच देसी घी चाहिए।

बनाने की विधि

    चावल और दाल को एक कटोरी में मिलाकर धो लें। कुछ देर चावल-दाल को भिगोकर रखें।
    एक कुकर में चावल-दाल, चुटकी भर नमक, हल्दी और दो से ढाई कप पानी डालें।
    सभी सामग्री को एक बार अच्छी तरह मिला लें। दो से तीन सीटी आने तक पकने दें।
    भाप खत्म होने पर कूकर खोलें। आपकी खिचड़ी तैयार है।
    थोड़ा ठंडा होने पर खिचड़ी को ब्लेंडर में ब्लेंड कर लें। बच्चे के अनुसार खिचड़ी में पानी कम या ज्यादा डाल सकती हैं।

​आलू राइस
आलू चावल बनाने के लिए आपको चाहिए एक मुट्ठी चावल, एक छोटा हुआ आलू, एक चम्मच नमक, एक छोटी चम्मच हल्दी, एक चम्मच देसी घी।

आलू-चावल बनाने की विधि

    आलू चावल बनाने के लिए आलू को छीलकर कुछ टुकड़ों में काट लें।
    चावल को धोकर थोड़ी देर के लिए भिगो लें। एक कूकर में चावल, आलू, नमक, हल्दी और देसी घी डालें।
    दो से ढाई कप पानी डालकर इन्हें मिला लें। दो से तीन सीटी आने तक पकने दें।
    आलू-चावल तैयार है। ठंडा होने पर इसे ब्लेंडर में पीस लें।

​हेल्‍दी हैं रेसिपी
यहां बताई गई हर रेसिपी बच्चे के वजन को बढ़ाने में सहायक है। यदि आपका बच्चा 7 से 8 माह का है, तो धीरे-धीरे उसकी डाइट में वैरायटी शामिल करें। यदि बच्चे ने हाल ही खाना खाना शुरू किया है, तो उसे नमक के बिना आहार दें।

यहां दी गई रेसिपीज 6 माह के बच्चे को ठोस आहार के रूप में दी जा सकती हैं।

 

Source : Agency

पाठको की राय